तीन बच्चों की मां रहस्यमयी ढंग से लापता

सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के कनैड़ निवासी तीन बच्चों की मां घर से 11 तोले सोने सहित बच्चों के साथ रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई है। महिला घर से मायके के लिए गई थी, परंतु वहां नहीं पहुंची। वहीं स्थानीय ग्रामीण के अनुसार महिला सुंदरनगर से दिल्ली बस में सवार होकर अंबाला में उतरी थी। सुंदरनगर पुलिस ने महिला के पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। महिला के पति ने उसके गायब होने के पीछे प्रवासी मजदूरों का हाथ होने का शक जताया है।
कनैड़ निवासी कृष्ण चंद ने सुंदरनगर में आयोजित पत्रकार वार्ता में घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि उसकी पत्नी गत मंगलवार शाम को अपनी सात साल की दो जुड़वा लड़कियों और तीन साल के पुत्र को साथ लेकर घर से मायके के लिए गई थी। 23 जनवरी को जब उसने सुबह अपने साले को फोन किया तो पता चला कि उसकी पत्नी वहां पर नहीं पहुंची है। इस पर उन्होंने उसकी काफी तलाश की। इस दौरान स्थानीय निवासी नागणु राम ने उसे बताया कि उसकी पत्नी सुंदरनगर-जंजैहली बस में 22 जनवरी को सवार हुई थी तथा उसने वहां पर अंबाला के लिए टिकट लिया था। इसकी सारी जानकारी उसने सुंदरनगर पुलिस को दे दी है। कृष्ण चंद ने पुलिस से गुहार लगाई है कि वह अपनी पत्नी तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है। उसने उनके गायब होने के पीछे प्रवासी मजदूरों का हाथ होने का भी शक जताया है। इधर, डीएसपी अजय कुमार ने बताया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

Related posts