
चौंतड़ा (मंडी)। मोबाइल फोन पर बैंक मैनेजर बनकर व्यक्ति ने युवक से धोखाधड़ी का प्रयास किया। युवक इसके मंसूबों को समझ गया। चौंतड़ा के सैंथल निवासी गगनदीप ने बताया कि रविवार दोपहर लगभग सवा बारह बजे उनके मोबाइल पर 09162292586 से फोन आया। शख्स ने अपना ओम प्रकाश वर्मा बताया। उसने कहा कि जोगिंद्र्रनगर के एक राष्ट्रीकृत बैंक की शाखा का मैनेजर हूं। बैंक में वित्तीय घोटाला हो गया और इसकी कुछ रकम आपके खाते जो हमारी ब्रांच में है में जमा हो गई। इससे बचने के लिए आप अपना बैंक खाता तथा एटीएम कार्ड, गोपनीय नंबर तथा कोड बताएं। गगनदीप का माथा ठनका कि आज तो रविवार है और बैंक शाखा से फोन कैसे आ रहा है। उसी समय में चौंतड़ा के एक बैंक में कार्यरत एक कर्मी वहां से गुजरा रहा था। गगनदीप ने फोन करने वाले व्यक्ति को फोन होल्ड करने को कह सारी बात उक्त कर्मी को बताई। बैंक कर्मी के बताने पर गगनदीप समझ गया कि जो व्यक्ति फोन कर रहा है वह कोई बैक कर्मी नही है। वह उसका बैंक खाता व एटीएम कार्ड की डिटेल लेकर इसे शिकार बनाकर उसके खाते से धन निकालना चाहता है। गगनदीप ने 100 नंबर पर सूचना दर्ज करवा दी है। पुलिस चौकी घट्टा के एएसआई ठाकरु राम ने लोगों से आग्रह किया है कि इस तरह फोन कॉल्स पर ध्यान न दें। स्थानीय बैंक शाखा के बैंक कर्मचारी अशोक कुमार का कहना है कि यदि बैक अपने उपभोक्ता से कोई जानकारी प्राप्त करना चाहता है तो उसे पत्र लिखता है या किसी कार्य दिवस पर बैंक शाखा में व्यक्तिगत रुप से बुलाता है।
