
बिलासपुर। 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पेंशनरों को 17 दिसंबर को होने जा रहे जिला स्तरीय पेंशनर दिवस कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन धौलरा मंदिर परिसर में सुबह 11 बजे होगा। इसमें खंड, जिला स्तर के सभी पेंशनर भाग लेंगे।
रविवार को पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन सदर खंड की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन सदर इकाई की बैठक का आयोजन किर्मा मंदिर बिलासपुर में किया गया। जिसकी अध्यक्षता बिलासपुर प्रधान दौलत राम चौहान ने की। बैठक में पेंशनर दिवस कार्यक्रम व पेंशनरों की समस्याओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में एसोसिएशन के राज्य वरिष्ठ उपप्रधान जेके नड्डा ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने कहा कि पेंशनरों की समस्याओं के समाधान को लेकर कोई उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पेंशनरों के चिकित्सा बिल लंबे समय से लंबित पड़े हुए हैं। लेकिन उनका भुगतान नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा भी पेंशनरों की कई समस्याएं लंबित हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द ही पेंशनरों की समस्याओं का समाधान किया जाए।
बैठक में ओम प्रकाश गर्ग, महिंद्र बख्शी, डा. उपेंद्र गौतम, निक्कू राम, प्रेम लाल मेहता, नंदलाल सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
