
समराला (गर्ग): पुलिस थाना समराला के अंतर्गत पड़ते गांव गगड़ा में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। रविवार देर रात जब कथित प्रेमी को अपनी बेटी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा तो गुस्साए परिवार ने प्रेमी को मौत के घाट उतार दिया। इस ऑनर किलिंग में बदनामी के डर से लड़की ने भी अपने प्रेमी को मौत के घाट उतारने में परिवार का साथ दिया। समराला के थाना प्रभारी इंस्पैक्टर सुरजीत सिंह ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस को गांव घरखना में खून से लथपथ एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली।
मौके पर गई पुलिस ने युवक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान गुरप्रीत सिंह (21) पुत्र डा. जीत सिंह के रूप में की है। पहचान होने पर मृतक के परिवार को पुलिस ने इस संबंधी जानकारी दी और उन्हें घटनास्थल पर बुलाया। मौके पर आए मृतक के भाई राजवंत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके मृतक भाई की गांव गगड़ा निवासी रछपाल सिंह की बेटी गुरप्रीत कौर के साथ 3 साल से दोस्ती थी तथा उसकी हत्या उन लोगों ने ही की है। थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने पुलिस टीम गठित कर जब जांच की तो पूरी सच्चाई सामने आ गई।
पुलिस जांच में पता चला कि युवक देर रात लड़की के कहने पर उसके घर गया था। वहां पर लड़की के परिवार ने दोनों को एक साथ बैडरूम में देख लिया तथा गुस्से में आकर लड़की के पिता एवं भाई ने मिलकर युवक की हत्या कर दी और शव को गांव घरखना के चौराहे पर फैंक दिया। पुलिस ने इस हत्याकांड के आरोप में लड़की गुरप्रीत कौर, उसके भाई बसंत सिंह तथा पिता रछपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
