व्यापार मंडल से मांगा 12 साल का हिसाब

रामपुर बुशहर। शहर के व्यापारियों ने एकजुट होकर व्यापार मंडल के 12 साल से पदों पर बने पदाधिकारियों को हटाने के लिए कमर कस ली है। इसी कड़ी में रविवार को रामपुर के सत्य नारायण मंदिर में व्यापारियों ने बैठक का आयोजन किया । बैठक में रामपुर बुशहर, खनेरी, चुहाबाग, डकोलड़ के व्यापारियों ने भी भाग लिया। बैठक के दौरान सभी व्यापारियों ने एक मत से प्रताप गुप्ता को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। इसके अलावा पवन आनंद, राजेंद्र कश्मीरी, हितेंद्र गुप्ता, हेमंत शैली, सुशील कुमार, राजीव चौहान, राजन मित्तल, यशपाल सोनी को कार्यकारिणी में सदस्य बनाया गया है। व्यापारियों का कहना है कि 12 साल से व्यापार मंडल की गद्दी पर बैठे पदाधिकारी बताएं कि उन्होेंने 12 साल में व्यापारियों के लिए क्या किया? उन्होंने सवाल किया है क्या आज तक व्यापारियों की समस्याओं का लेकर एक भी बैठक की गई है। वहीं व्यापारियों ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को पत्र के माध्यम से सूचना भेजी है कि 12 साल का रिकार्ड जमा करवाएं, ताकि व्यापार मंडल के चुनाव हो सकें। अगर 22 दिसंबर तक व्यापार मंडल के दस्तावेज जमा नहीं करवाए तो फिर मजबूरी में व्यापारी अलग से व्यापार मंडल का गठन करने के लिए मजबूर होंगे। इसके लिए बैठक कर व्यापारियों का पंजीकरण भी शुरू कर दिया गया है। व्यापारियों का कहना है कि रामपुर व्यापार मंडल ने हमेशा व्यापारियों की अनदेखी की। सभी व्यापारियों को एक साथ लेकर चलने की जगह व्यापार मंडल 12 साल से अपने कुछ चहेते व्यापारियों को लेकर चल रहा है। इस कारण मजबूरी में व्यापारियों को अपने स्तर पर एकजुट होना पड़ा है।
बैठक में नंद कुमार शर्मा, विजय शर्मा, अतुल कश्यप, संजय सूद, रजनीश सूद, रचीत सूद, बलीभद्र शर्मा, पवन बंसल, राजेश अग्रवाल, पन्ना लाल गुप्ता, मदन कुमार, शिव कुमार, श्याम लाल गुप्ता, बृज भूषण सूद, प्रदीप गुप्ता सहित लगभग 200 व्यापारियों ने भाग लिया।

Related posts