रोहड़ू में कार की टक्कर से एक घायल

रोहडू। रोहड़ू बाजार में रविवार को एक बोलेरो कार की टक्कर से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार है, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को आईजीएमसी शिमला और वहां से पीजीआई रेफर कर दिया गया। इधर, पुलिस ने भादंसं की धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रमोद चौहान ने रोहडू थाना में दर्ज करवाई रिपोर्ट में कहा है कि उसका भाई विनोद कुमार शनिवार रात को रोहडू बाजार से अपने घर सेरी की ओर आ रहा था। इसी दौरान अस्तानी गांव निवासी अनुज कुमार ने कार एचपी 10ए-7005 से टक्कर मार दी। इससे विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। जान पहचान वालों ने विनोद कुमार को उपचार के लिए रोहडू अस्पताल पहुंचाया। जहां से उनकी गंभीर हालत का देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया है। विनोद की हालत में कोई सुधार न होता देख उसे शिमला से पीजीआई रेफर कर दिया है। हादसे में विनोद के सिर, आंख और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। डीएसपी राज कुमार चंदेल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपी गाड़ी सहित मौके से फरार है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related posts