
शिमला। संस्कृत कॉलेज फागली को नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा की ओर से परिसर के आसपास सफाई नहीं रखने पर नोटिस जारी किया गया है। महापौर संजय चौहान ने मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. उमेश कुमार भारती को नोटिस देने के आदेश दिए हैं। अगर नोटिस के बावजूद कालेज प्रबंधन ने व्यवस्थाएं नहीं सुधारी तो नगर निगम की ओर से चालान किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन से नीचे स्थित संस्कृत कालेज फागली के साथ नगर निगम का लेबर हॉस्टल भी है। आरोप है कि लेबर हॉस्टल की सीवरेज लाइन में लीकेज के चलते गंदगी कालेज तक पहुंच रही है। इसके अलावा कालेज परिसर में भी गंदगी पसरी हुई है। प्रबंधन की ओर से परिसर में सफाई बंदोबस्त पुख्ता रखने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
कॉलेज नगर निगम की घर-घर से कूड़ा एकत्रीकरण योजना से भी नहीं जुड़ा है। महापौर संजय चौहान ने इस पर संज्ञान लेते हुए संबंधित शाखा को लेबर हॉस्टल की सीवरेज लाइन को दुरुस्त करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा कॉलेज प्रबंधन को नोटिस जारी कर साफ-सफाई के प्रति सचेत रहने को कहा है। महापौर संजय चौहान ने कहा है कि अगर नोटिस के बाद भी कॉलेज प्रबंधन ने व्यवस्थाएं नहीं सुधारी तो चालान किया जाएगा।
