कोटखाई नपं अध्यक्ष और सदस्यों में ठनी

कोटखाई (शिमला)। कोटखाई नगर पंचायत के अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों में उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस कारण कोटखाई में विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़ गए हैं। वार्ड सदस्य विकास कार्य लटकने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष रविंद्र चौहान को जिम्मेवार ठहरा रहे हैं। वार्ड सदस्यों ने मांग उठाई है कि नगर पंचायत अध्यक्ष की शक्तियां छीनकर तहसीलदार को कार्यवाहक बनाया जाए।
वार्ड सदस्य विकास नंदा, पूनम, प्रकाश गुप्ता, अमित सूद और नरेश कुमार ने बताया कि नगर पंचायत में सभी विकास कार्य लटके हुए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष गलत तथ्य पेश कर अपना पल्लू झाड़ रहे हैं। अध्यक्ष के अनुसार वार्ड सदस्यों की ओर से बैठक का बहिष्कार करने की वजह से पार्किंग को ठेके पर देने की योजना भी लटक गई है, जबकि पार्किंग का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हुआ है। पार्किंग की दूसरी मंजिल अभी तैयार नहीं है। अध्यक्ष रविंद्र चौहान पार्किंग भवन को ठेके पर देने की बात कह रहे हैं, जो पूरी तरह से अनुचित है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि तहसीलदार को नगर पंचायत चलाने के लिए कार्यवाहक बनाया जाए।
वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष राविंद्र चौहान ने बताया कि पार्किंग भवन का उद्घाटन पूर्व में किया जा चुका है। विकास कार्यों में वार्ड सदस्य रोड़ा अटका रहे हैं। वार्ड सदस्यों के कारण नगर पंचायत में विकास कार्य लटके हुए हैं।

Related posts