लोहाघाट का है जहर खुरानी का शिकार बना युवक

टनकपुर। रोडवेज की बस में सफर के दौरान जहरखुरानी का शिकार बना युवक लोहाघाट के दिगालीचौड़ का रहने वाला था। गिरोह ने उसे बेहोश कर नौ हजार रुपए की नकदी लूटी है। होश आने पर पीड़ित अस्पताल कर्मियों को अपना नाम-पता बताकर घर को चला गया है।
बुधवार को रोडवेज बस स्टेशन के समीप एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला, जिसे 108 वाहन के स्टाफ ने संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया था। होश आने पर पीड़ित ने अपना नाम हयात सिंह पुत्र दिलीप सिंह बताया है। उसने अस्पताल कर्मियों को घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि वह गुडगांव में नौकरी करता है। छुट्टी लेकर अपने घर दिगालीचौड़ (लोहाघाट) आने को वह रोडवेज की बस में सवार हुआ। रास्ते में ढाबे पर एक अनजान व्यक्ति के साथ उसने शराब पी। शराब पीकर वह बेहोश हो गया। उसने बताया कि उसकी जेब से नौ हजार रुपए की नकदी गायब है।

Related posts