संदेहास्पद अफसरों पर कार्रवाई करे सरकार : सुक्खू

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री वीरभद्र्र सिंह से मांग की है कि प्रदेश सरकार संदेहास्पद अधिकारियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई करे और ऐसे अधिकारियों तथा कर्मचारियों को प्रशासनिक कारणों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील पदाें से शीघ्र स्थानांतरित किया जाना चाहिए। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने चुनावी घोषणापत्र में जनता को स्वच्छ प्रशासन देने का वादा किया था और प्रदेश सरकार ने पहले ही पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए घोटालों की जांच शुरू कर दी है।
पार्टी प्रवक्ता नरेश चौहान के हवाले से जारी बयान में सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव भ्रष्टाचार के खिलाफ रही है और विभागीय जांच वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ संवेदनशील पदों पर कार्य करने की इजाजत न दी जाए। सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार को ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय जांच पूरी करने के लिए समय-सीमा तय करनी चाहिए। उन्होंने ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ लंबित जांच में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री से संबंधित विभागों को निर्देश देने का अनुरोध किया।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कथित तौर पर भ्रष्टाचार में संलिप्त ऐसे अधिकारियों को विभागीय जांच और ट्रायल में देरी का लाभ उठाने का मौका नहीं देना चाहिए, क्योंकि इससे अन्य ईमानदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर दुष्प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को आम जनता में यह संदेश पहुंचाना है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जाएगा और सरकारी कर्मचारी बिना किसी देरी के आम जनता को बेहतर सेवाएं मुहैया करवाने पर अपना ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में कई सरकारी कर्मचारियों ने अपने राजनीतिक आकाओं की कठपुतली बनकर कार्य किया है और इससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ है।

Related posts