जखेड़ा में नकदी और जेवर साफ

मैहतपुर (ऊना)। क्षेत्र के जखेड़ा गांव में एक आला सेवानिवृत्त अफसर के घर में चोरों ने सेंधमारी कर नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया है। पुलिस ने चोरी की शिकायत पर मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। डीएसपी सुरेन्द्र शर्मा ने चोरी की घटना पुष्टि की है।
पुलिस के मुताबिक जखेड़ा निवासी राजकुमार पुत्र नत्थूराम चीफ इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वह परिवार सहित किसी शादी समारोह में शरीक होने गए थे। घर में किसी व्यक्ति के न होने की भनक लगते ही चोरों ने वारदात को अंजाम दे डाला। घर में रखी 21 हजार की नकदी, छह हजार कीमत के चांदी के आभूषण, बच्ची के कानों के कांटे तथा तकरीबन 35 लाख रुपये के फिक्स डिपाजिट के कागजात चुरा लिए हैं। शादी से लौटने पर घर में बिखरा सामान देखकर परिवार के सदस्य दंग रह गए और उन्होंने पुलिस चौकी मैहतपुर को सूचना दी। मैहतपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चोरी की वारदात का सुराग ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया है। डीएसपी सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि तमाम पहलुओं पर तफ्तीश की जा रही है, मगर अभी कुछ भी कहना मुश्किल है।

सूने घरों को बनाते हैं चोर अपना निशाना
मैहतपुर (ऊना)। अब तक हुई चोरी की घटनाओं पर अगर गहनता से नजर दौड़ाई जाए तो चोरों ने सूने घरों को ही अपना निशाना बनाया है। जखेड़ा में हुई इस चोरी की घटना से पूर्व में भी हुई कुछ चोरी की वारदातों में देखा गया है कि चोरों का निशाना सूने घर ही होते हैं। पुलिस अधिकारियों की मानें तो विवाह शादियों में जाते वक्त बिना चौकीदार अथवा परिजनों के सूने घरों में चोरों को इस तरह की घटनाओं का अंजाम देना बेहद आसान हो जाता है। हैरत की बात यह अब तक हुई तमाम चोरियों में से किसी भी घटना पर पुलिस के हाथ चोरों की गर्दन तक नहीं पहुंच पाए हैं। लोगों का कहना है कि शायद यही वजह है कि चोरों के हौसले बुलंद हैं और वह थोडे थोड़े अंतराल के बाद कहीं न कहीं इस तरह की वारदातों को अंजाम देते आ रहे हैं। डीएसपी सुरेन्द्र शर्मा का मानना है कि जनता के सहयोग के बिना चोरी जैसी घटनाओं को हल कर पाना पुलिस के लिए मुश्किल हो जाता है। लिहाजा उन्होंने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि अपने घरों तथा आस पड़ोस में बराबर चौकसी रखें।

Related posts