
नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन गुरुवार को दिवंगत सांसदों को श्रद्धांजलि देने के बाद दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सरगुजा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद मुरारीलाल सिंह को श्रद्धांजलि दी, जिनका बुधवार को रायपुर में निधन हो गया। अध्यक्ष ने कहा,‘‘मुरारीलाल सिंह जनजातीयों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रहे थे।’’
राज्यसभा में सभापति हामिद अंसारी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद मोहन सिंह, सपा के ही पूर्व सांसद रामनरेश कुशवाहा और भाजपा के दीनानाथ मिश्रा को श्रद्धांजलि दी। ऊपरी सदन में उस वक्त शोरगुल देखा गया जब भाजपा सदस्यों ने अक्टूबर महीने में पटना में पार्टी की रैली के दौरान हुए विस्फोट में मारे गए लोगों को भी श्रद्धांजलि दिए जाने की मांग की।
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘‘आतंकवादी हमले की सभापति ने हमेशा निंदा की है।’’ सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि वह सदन की कार्यवाही को चलने देने के लिए सभी पार्टियों का सहयोग चाहते हैं।
मनमोहन सिंह ने कहा, ‘‘संसद का सत्र अल्प अवधि का है और इसलिए सभी राजनीतिक पार्टियों के लिए अनिवार्य है कि वे सदन की कार्यवाही सरल और सहज बनाने की हर संभव कोशिश करें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम सदन की सभी पार्टियों से महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने के लिए सहयोग की मांग करते हैं।’’संसदीय कार्यमंत्री कमल नाथ ने सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि सरकार लोकपाल विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक को आगे ले जाने को लेकर दृढ़ संकल्प है।
