
लोहाघाट। केंद्रीय विद्यालय का वार्षिकोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हो गया। मुख्य अतिथि एसडीएम परितोष वर्मा ने कार्यक्रमों का दीप प्रज्ज्वलित कर आगाज किया। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से उत्कृष्ट घोषित की गई छात्रा मीनाक्षी बिनवाल और छात्र अंकित बोहरा को पांच-पांच हजार रुपए का चेक भेंट किया। प्राचार्य डा. एचपी सिंह ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
छात्राओं ने संगीत वाद्य यंत्रों का वादन, डांडिया, कुमांऊनी, भांगड़ा नृत्यों का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यालय की वर्षभर की विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले बच्चों को समारोहपूर्वक पुरस्कृत कर सम्मानित किया। देर तक चले कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। समारोह का संचालन शिक्षक सीएस पांडेय ने किया। कार्यक्रम में केवीके के प्रभारी डा. एमपी सिंह, बीएड के एचओडी डा. एके द्विवेदी, यूनियन बैंक के प्रबंधक अमित नेगी, प्रकाश राय, नाथूराम राय, प्रकाश पुनेठा, नरेश बिनवाल के अलावा विद्यालय प्रबंध समिति के लोग मौजूद थे।
