
शिमला। ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में मशहूर पार्श्व गायक शंकर साहनी के तराने गूंजेंगे। इसके अलावा रिज मैदान पर नाटी किंग कुलदीप दर्शकों नचाएंगे। काल योग सेवा ट्रस्ट राजधानी शिमला में विंटर कार्निवाल करवाने जा रहा है। प्रदेश भर में खुली छोड़ी गई गायों के लिए गौ-सदन निर्माण, संरक्षण और उन्हें पालने के उद्देश्य को लेकर यह कार्यक्रम करवाया जाएगा। सभी कलाकार पुनीत कार्य के लिए निशुल्क में प्रोग्राम देंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री 28 दिसंबर को गेयटी थियेटर में करेंगे। पहले रोज वॉयस आफ हिमाचल सिंगर मुकुल, अंकुश, राजीव लॉफ्टर चैलेंज फेम राजीव मल्होत्रा, वॉयस आफ हिमाचल पूनम शर्मा लोगों का मनोरंजन करेंगे। 29 दिसंबर को वॉयस ऑफ इंडिया फेम अरविंद डढवाल, इंडियन आइडल फेम कृतिका तनवर और पंजाबी गायक कार्तिक शर्मा प्रस्तुतियां देंगे। 31 दिसंबर को लोक गायक कुलदीप शर्मा बतौर स्टार सिंगर टका बैंच से प्रस्तुति देंगे। काल योग सेवा ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी विजय शर्मा, सलाहकार आचार्य महेंद्र कृष्ण शर्मा और राजेश मेहता ने बताया कि संस्था कार्निवाल गौ-रक्षा और उन्हें संरक्षण प्रदान करने उद्देश्य करवा रही है। कई निजी संस्थाओं का सहयोग भी मिल रहा है। इस दौरान प्रदेश भर में गौ-सदन चलाने वाली 23 संस्थाओं के पदाधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
