अब देहरा में गुर्राया तेंदुआ

भगेड़ (बिलासपुर)। सर्दी की दस्तक के साथ तेंदुए ने भी रिहायशी इलाकों में दस्तक देनी शुरू कर दी है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सोमवार रात हटवाड़ पंचायत के देहरा गांव में एक तेंदुए ने दस्तक देते हुए खूंटी से बंधी गाय और बछड़े को अपना शिकार बना लिया। इससे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए से सुरक्षा प्रदान करने के लिए व्यापक कदम उठाने की मांग की है।
सर्दी आते ही अब तेंदुए की गुर्राहट शुरू हो गई है। दो रोज पहले चैहण गांव में तेंदुए ने एक मेमने को अपना शिकार बनाया था। ताजा घटनाक्रम में हटवाड़ पंचायत के देहरा गांव में तेंदुए ने एक गाय और एक बछड़े को अपना शिकार बना लिया। लोगों की आंखों के सामने तेंदुए ने मवेशियों पर हमला किया। शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भाग गया। पंचायत के उपप्रधान मुंशी राम ने इसकी पुष्टि की है। उपप्रधान मुंशी राम, ग्रामीण कश्मीर भाटिया, प्रेम लाल, ज्ञान चंद, चमन लाल, शकुंतला देवी, अमर सिंह, सीता देवी, बलवीर, सतया देवी, कमलेश कुमारी, बबली, लता देवी, गुलाबी, रमा, प्रेम लाल और रीता ने बताया कि गांव देहरा के बल्लड़ा में भी तेंदुए का आतंक है। इस बारे ग्रामीणों ने विभाग को भी अवगत करवा दिया है, मगर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि तेंदुए के आतंक से लोग सहमे हुए हैं। रात को लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने विभाग से इलाके में पिंजरा लगाने की मांग की है। उधर, वन विभाग भराड़ी में तेनात रेंज अफसर गरजा राम ने बताया कि मौके का मुआयना कर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं पर भी तेंदुए की चहलकदमी देखी जाती है तो इसकी लिखित शिकायत विभाग के पास करेंगे।

Related posts