
चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में पूर्व सैनिकों की ओर से मंगलवार को एक रैली निकाली गई। इसका आयोजन आठ गढ़वाल राइफल्स द्वारा 323 पर्वतीय अखंड के तत्वावधान में किया गया। इसमें उपायुक्त संदीप कदम मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि सैनिक अपने सेवाकाल में कर्मठता से देश सेवा तो करते ही हैं, साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद समाज में अपनी बहुमूल्य सेवाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। नकदी फसलों विशेषकर सब्जी उत्पादन में पूर्व सैनिकों का खूब रुझान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर पूर्व सैनिकों की जो भी समस्याएं होंगी, उन्हें हरसंभव हल करने के प्रयास किए जाएंगे। इससे पहले उपायुक्त ने रिबन काटकर रैली का शुभारंभ किया। इसके बाद ब्रिगेडियर जेएस भारद्वाज ने रैली में भाग लिया और पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों की समस्याओं को सुना। इस मौके पर चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें 120 मरीजाें का चैकअप किया गया और उन्हें मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जगत राम, सहायक आयुक्त उपायुक्त दीप्ति कपूर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी वाईडी शर्मा, जिला खेल अधिकारी सुदेश धीमान, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता एमके मिन्हास, कर्नल एसके तनवर व एमके यादव मौजूद रहे।
