
चंबा। ग्राम पंचायत रजेरा व बैली के ग्रामीणों को दो दिनों से पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। गागला-जंजला पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से एक दर्जन के करीब गांवों की पांच हजार की आबादी परेशान हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि घरमाणी से आगे बन रही सड़क का मलबा नीचे फेंकने से पेयजल लाइन टूट गई है। इससे थल्ला, टिकरा, चुहाड़ी, वंजल, बैली, बटैण, बाडोलु, लटैण, गुआड़, बनाड़, रजेरा, लुणु, देहरूं गांवों के ग्रामीणों को पेयजल की समस्या हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल आपूर्ति बाधित होने से काफी दूर से पेयजल लाना पड़ रहा है। कुछ गांवों के लोगों को दो किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। युवक मंडल सुलेरा के प्रधान चैन लाल, जीवी नंद, ज्ञान चंद, जर्म सिंह, भगत राम, दलीप सिंह, बजर सिंह, सुनेइल, मनोज ने बताया कि पानी की सप्लाई न होने से करीब 700 परिवारों को दिक्कतें पेश आ रही है। उन्होंने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशाषी अभियंता आरसी कपूर ने बताया कि समस्या ध्यान में नहीं है। अगर ऐसा है, तो जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
