न्यायिक हिरासत में भेजे दोनों आरोपी

घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में एक छात्रा से दुराचार के प्रयास के मामले में आरोपी युवक व पीड़िता की सहेली को दो सप्ताह के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राजेश चौहान की अदालत ने गत सोमवार शाम ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजने के आदेश दिए।
एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाली 18 वर्षीय छात्रा ने घुमारवीं थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रा के अनुसार वह अपनी मां के साथ किराये के एक मकान में रहती है। वंदना नामक एक लड़की भी उसी मकान में रहती है। पड़ोसी होने के नाते उनकी आपस में जान-पहचान है। छात्रा का आरोप था कि वंदना ने उसे अपने कमरे में बुलाया, जहां बंटी नामक एक युवक पहले से ही मौजूद था। उसने उसके साथ दुराचार करने का प्रयास किया। वंदना ने भी आरोपी का साथ दिया। वह किसी तरह वहां से भाग सकी।
छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज करके दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। गत सोमवार शाम उन्हें अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राजेश चौहान की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को दो सप्ताह के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। घुमारवीं के डीएसपी अंजनी जसवाल ने इसकी पुष्टि की है।

Related posts