
चंबा। ब्लॉक मैहला व चंबा के डिपो होल्डर यूनियन के प्रधान काकू राम की अध्यक्षता में उपायुक्त से मिले। इस मौके पर उन्होंने उपायुक्त को अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि गोदाम से राशन उठाने के लिए डिपो होल्डर को सरकार की ओर से जो किराया दिया जाता है, वह बहुत कम है। इस कारण उन्हें अपनी जेब से किराया भरना पड़ रहा है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि उनका किराया बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने उपभोक्ताओं को डिपो होल्डर के माध्यम से कैश मेमो जारी करने के आदेश जारी किए हैं, लेकिन डिपो होल्डर को अपनी जेब से कैश मेमो छपवाकर उपभोक्ताओं को देने पड़ रहे हैं। इसके अलावा डिपो होल्डर को थोक गोदामों से कभी इकट्ठा राशन नहीं मिलता। इस कारण उन्हें उपभोक्ताओं को चार-पांच बार कैश मेमो जारी करने पड़ते हैं। इससे उनकी सारी कमीशन कैश मेमो पर ही खर्च हो जाती है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि उन्हें कैश मेमो उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने बताया कि उन्हें एक किलो चीनी पर मात्र 38 पैसे कमीशन मिलती है, जबकि एक कैश मेमो की कीमत 80 पैसे पड़ती है। इसके अलावा सभी खाद्यान्नों पर बहुत कम कमीशन मिलती है। उन्होंने मांग की है कि उनकी कमीशन इतनी बढ़ाई जाए कि वे एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की दिहाड़ी के बराबर कमाई कर सके। उन्होंने कहा कि गोदाम से उन्हें राशनकार्ड की संख्या से खाद्य सामग्री उपलब्ध होती है, लेकिन डिपो तक पहुंचते-पहुंचते 10 फीसदी राशन वेस्टेज हो जाता है। इसके अलावा सड़क से जो डिपो दूर हैं, वहां पर राशन घोड़े व खच्चर के माध्यम से पहुंचाया जाता है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि गोदामों में सेल्समैन के दो काउंटर स्थापित किए जाएं, ताकि सभी डिपो होल्डर को एकसाथ राशन उपलब्ध हो सके। इसके अलावा कैरोसिन का कोटा बढ़ाया जाए। इस अवसर पर डिपो होल्डर गणेश, रमेश, प्रकाश चंद, भूषण, कुलदीप, हेम राज, संजीव कुमार, कैलाश चंद, राजकुमार, जयदेव, तिलक राज, जगो राम, चमन प्रकाश, भीमसेन, रमेश कुमार, दिलीप सिंह, मनजीत, वीरेंद्र सिंह, अनिल कुमार, रविंद्र और प्रीतम मौजूद रहे।
