15 दिन में मांगी रिपोर्ट

चंबा। उपायुक्त संदीप कदम ने वन अधिकार समितियों के गठन को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उपायुक्त ने सोमवार बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि वन अधिकार समितियों के गठन की रिपोर्ट 15 दिनों में प्रस्तुत करें। रिपोर्ट मिलने पर जिला प्रशासन आगामी हिदायत जारी करेगा। बैठक में चौगान नंबर एक के नीचे प्रस्तावित पार्किंग स्थल के निर्माण के मुद्दे पर चर्चा की गई। इस पर उपायुक्त ने कहा कि नगर परिषद के अधिकारी भारत संचार निगम लिमिटेड इंजीनियर के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण करके पार्किंग स्थल के निर्माण की संभावनाओं को लेकर अपनी रिपोर्ट जल्द तैयार करें। चंबा-बालू मार्ग पर पक्काटाला में पहाड़ी खिसकने के मसले का हल निकालने की दिशा में राष्ट्रीय जल विद्युत निगम, नगर परिषद व लोक निर्माण विभाग की टीम मिलकर कार्य करेगी। उपायुक्त ने कहा कि हर तकनीकी पहलू को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट तैयार करें। बैठक में राजस्व अदालत मानीटरिंग सिस्टम, मनरेगा और उदयपुर स्थित मशरूम प्लांट की समीक्षा भी की गई। उन्होंने पांगी व होली की राजस्व अदालतों के रिकार्ड को जिला मुख्यालय लाकर मानीटरिंग सिस्टम पर अपलोड करने को कहा। इस मौके पर सहायक आयुक्त दीप्ति कपूर, एसडीएम चंबा बचन सिंह, डीआरडीए पीओ राम प्रसाद शर्मा मौजूद रहे।
इंसेट …..
चौगान को हरा भरा करने के आदेश :
उपायुक्त ने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौगान में घास को विकसित करने और उसके बाद उसकी हरियाली को बरकरार रखने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

Related posts