
लंज (कांगड़ा)। लंज क्षेत्र के साथ लगते बौहडक्वालू में पिछली रात करीब 8 बजे एक निजी बस के चालक और परिचालक ने शराब पीकर खूब हो-हल्ला किया। इतना ही नहीं दोनों ने बिजली के ट्रांसफार्मर से भी छेड़छाड़ की। इससे इलाके की बिजली भी गुल हो गई। बिजली गुल होने पर इलाके के लोगों ने उन्हें ऐसा न करने से रोका मगर दोनों शराबियों ने इलाके के प्रमोद बैंस के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार निजी बस चालक अनिल कुमार और परिचालक अशोक कुमार ने शराब पीकर बिजली के ट्रांसफार्मर के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इससे बौहडक्वालू इलाके में बिजली गुल हो गई। ट्रांसफार्मर के साथ लगते घर से प्रमोद बैंस आए और उन्होंने दोनों शराबियों को ऐसा करने से रोका तो दोनों ने उनसे मारपीट करना शुरू कर दिया। बैंस पर इन्होंने डंडे से भी प्रहार किया। इस बीच बौहडक्वालू पंचायत के वार्ड मेंबर राकेश कुमार भी आए। वार्ड मेंबर राकेश कुमार का कहना है कि ये लोग पहले भी शराब पीकर इलाके में इस तरह की हरकतें कर चुके हैं। थाना प्रभारी कांगड़ा महिंद्र मन्हास ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बिजली बोर्ड के एसडीओ अशोक शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
