शहीद राजीव की याद में बनेगी सड़क

सरकाघाट (मंडी)। सीमा की रक्षा करते हुए शहीद हुए राजीव कुमार की याद में उनके गांव तक सड़क का निर्माण होगा। सड़क का नाम शहीद राजीव कुमार के नाम पर रखा जाएगा। दरकोहल गांव का यह वीर सपूत अमर रहेगा। सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने शहीद राजीव कुमार के नाम पर उनके गांव तक सड़क बनाने की घोषणा की है।
विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने राजीव कुमार के घर जाकर शोक संतप्त परिजनाें को सांत्वना दी। उन्हाेंने राजीव कुमार के परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया। विधायक ने शहीद के गांव में शमशानघाट के निर्माण के लिए 50 हजार रुपये तथा सड़क निर्माण के लिए भी धनराशि की घोषणा की। दरकोहल गांव से सड़क करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है।
राजीव कुमार (26) गत 26 नवंबर को शहीद हो गए थे। राजीव आसाम राइफल में मिजोरम में तैनात थे जहां सीमा पर गश्त के दौरान माइन फटने से वे शहीद हो गए थे। विधायक कर्नल इंद्र सिंह का कहना है कि शहीद राजीव कुमार की देश के लिए कुर्बानी काम आएगी। उनकी याद में उनके गांव तक सड़क बनेगी। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री दलीप ठाकुर, पूर्व बीडीसी सदस्य रामलाल कौशल, नरोला पंचायत प्रधान अमर नाथ, कश्मैला पंचायत प्रधान राजेंद्र भुट्टो आदि भी मौजूद रहे।

Related posts