
तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा में दिन प्रतिदिन चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। पिछले लगभग एक साल में यहां दर्जनों चोरियां हो चुकी हैं। इसके चलते जहां लाखों रुपये की नकदी पर चोर हाथ साफ कर चुके हैं, वहीं केबल व अन्य सामान भी उड़ाया गया। इससे स्थानीय वाशिंदों में खौफ पैदा हो गया है। चोर गिरोह सक्रिय हो गया है और आए दिन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि आज तक पुलिस के हत्थे चोर नहीं चढ़ पाए हैं। लगभग एक सप्ताह पहले टिकरी गांव के एक बुजुर्ग के घर से चोर हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर गए थे। हालांकि पुलिस इस मामले को चोरी का मामला होने से नकार रही है। इससे पहले जुकियाणी से पांगी के लिए बिछाई जा रही विद्युत लाइन की हजार मीटर तार सेईकोठी के पास चोरी हो चुकी है, लेकिन यह तार किसने चुराई है अभी तक पता नहीं चल पाया है। यही नहीं लगभग एक साल पहले भंजराडू थाना से करीब 150 मीटर दूरी पर चोरों ने दो दुकानों के ताले तोड़े थे और लाखों रुपये की नकदी व सामान चुराकर ले गए थे। उसी दौरान सेईकोठी के जुठेड़ गांव में एक करियाने की दुकान के ताले तोड़कर नकदी उड़ाई गई। इसके अलावा आए दिन यहां पर केबल चोरी होने ही वारदातें होती रहती है, लेकिन आज तक चोर तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पाए हैं। इससे स्थानीय लोगों में चोरों के प्रति खौफ पैदा हो गया है। स्थानीय निवासी रमेश कुमार, सुरेंद्र, अशोक, राजदीन, प्यार चंद, दुनी चंद, कुलदीप और सुरेश ने पुलिस से मांग की है कि क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए और चोरों पर नकेल कसी जाए। उधर, एसएचओ तीसा शरीफ मोहम्मद ने बताया ऐसी शिकायतें उन्हें मिली हैं। उन्होंने कहा कि चोरी से संबंधित जो भी शिकायतें पुलिस थाना पहुंची हैं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरों को पकड़ लिया गया है।
