
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। मां ज्वाला के दर्शनों को ज्वालामुखी पहुंचे एक व्यक्ति की निजी होटल के कमरे में मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक परमिंदर वालिया पुत्र मोहिंद्र वालिया निवासी लुधियाना उम्र 40 वर्ष अपने बेटे हर्षित सहित मां के दर्शनों को ज्वालामुखी शनिवार को पहुंचे और रात को ज्वालामुखी केे एक निजी होटल में किराये पर कमरा लिया। सुबह जब बेटे हर्षित की नींद खुली तो पिता परमिंदर वालिया की मौत हो चुकी थी। होटल मालिक ने घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बेटे हर्षित से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके पिता कुछ महीने पहले बस से गिरे थे। इस घटना के बाद उन्हें रात को नींद नहीं आती थी। वह नींद की गोलियां का सेवन भी कर रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुबह बाप-बेटे ने मां के दर्शन को मंदिर में जाना था। इसे लेकर शनिवार रात को बाप ने बेटे से बात भी की थी। मगर, सुबह जब बेटा उठा तो उसने अपने पिता को जगाने का प्रयास किया। पिता के न उठने पर उसने होटल प्रबंधन को सूचित किया। इसके बाद ही पिता की मौत के बारे में बेटे को पता चला था। उधर, डीएसपी बीडी भाटिया और एसएचओ सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। होटल के कमरे में श्रद्धालु की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
