सिविल अस्पताल को अपग्रेड करेंगे : बुटेल

पालमपुर (कांगड़ा)। विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए इस वर्ष 1187 करोड़ व्यय किए जा रहे हैं। रविवार को सिविल अस्पताल पालमपुर में आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल पालमपुर में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का सृजन कर इसे एक मॉडल चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। मरीजों के बढ़ते दबाव के चलते सिविल अस्पताल पालमपुुर को 200 बिस्तरों तक अपग्रेड करने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल में शीघ्र ही आईसीयू और प्राइवेट वार्ड की सुविधा भी उपलब्ध करवा दी जाएगी। अत्याधुनिक शवगृह स्थापित करने के लिए 8 लाख रुपये उपलब्ध करवा दिए गए हैं। अस्पताल में आउट सोर्सिंग के माध्यम से एमआरआई सुविधा आरंभ करवाने के लिए विभाग को कहा गया है। इससे पहले बुटेल ने शहीद कैप्टन विक्रम बत्तरा मैदान में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष नर्सिंग कॉलेज की ओर से निकली एड्स चेतना रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर न्यायाधीश राजेंद्र कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष बलवंत ठाकुर, उपाध्यक्ष यश महाजन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण शर्मा, व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेंद्र सूद, वीना बुटेल, प्रदीप ठाकुर, त्रिलोक चंद, सीता राम सैनी, सीएमओ कांगड़ा डा. डीएस गुरुंग, एसडीएम भूपेंद्र अत्री, एसएमओ डा. विनय महाजन, डॉ. जयदेश राणा, डॉ. राजेश आहलुवालिया, डॉ. प्रेम भारद्वाज, डॉ. कल्पना महाजन, डॉ. डीएस चंदेल, डॉ. कर्ण सिंह समेत अधिकारी मौजूद रहे।
बॉक्स…
बुटेल ने अस्पताल में किए लोकार्पण
सिविल अस्पताल पालमपुर में विस अध्यक्ष बुटेल ने 14 लाख रुपये की लागत से स्थापित अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली, अढ़ाई लाख से सीसीटीवी और अढ़ाई लाख से माइनर ओटी में आधुनिक सुविधा का लोकार्पण भी किया।

Related posts