
नूरपुर (कांगड़ा)। इंदिरा प्रभा आदर्श पब्लिक स्कूल नूरपुर में रविवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इसमें नूरपुर के डीएसपी राजीव अत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि, समारोह की अध्यक्षता स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता पीसी शर्मा ने की। शुभारंभ स्कूली छात्रों ने वंदेमातरम् और सरस्वती वंदना से किया। मुख्यातिथि राजीव अत्री ने स्कूली छात्रों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों और अन्य गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। कहा कि समाज में कुरीतियों को मिटाने में छात्र अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसलिए छात्रों को समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए आगे आना चाहिए। स्कूल के प्रबंधक सतीश शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इससे पूर्व स्कूली छत्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। पहली व दूसरी कक्षा के नन्हे-मुन्ने छात्रों ने लुंगी डांस की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। एलकेजी के छात्रों ने लकड़ी की काठी, सुनो गौर से दुनिया वालो तथा डांस पर चांस मार ले.. सोनिया ने दादी अम्मा-दादी अम्मा मान जाओ, गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। तीसरी, चौथी और पांचवीं कक्षाओं के विद्यार्थियों ने रंगला पंजाब, हवा-हवाई और मेरे दिल में आज क्या है..पर बेहतरीन नृत्य प्रस्तुत किया। आठवीं और नौवीं कक्षा के छात्रों ने अनुशासन और समय के सदुपयोग को लेकर लघु नाटिका प्रस्तुत की। नौवीं और दसवीं के छात्रों ने मोरनी बागां मां बोले और जागो निकालकर खूब तालियां बटोरीं। छात्र केशव ने ब्लू आइस गाने पर हिप-आप नृत्य पेश करके दर्शकों की वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि राजीव अत्री ने स्कूल के मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन स्वरूप स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया। इस मौके पर प्रिंसिपल दीपक गुप्ता और प्रबंधक समिति के सजीव सूरी, डा. देस राज शर्मा, कुंदन लाल शर्मा, चंद्र रेखा शर्मा, विजय शर्मा, विजय गुप्ता तथा समस्त स्कूल स्टाफ और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मंगलवार को नूरपुर में बिजली बंद रहेगी
नूरपुर (कांगड़ा)। विद्युत उपमंडल नूरपुर के सहायक अभियंता एसके राजू के अनुसार मंगलवार तीन दिसंबर को नूरपुर फीडर की मरम्मत और रखरखाव के चलते नूरपुर, चौगान, खुशीनगर, मिंजग्रा और गहीं लगोड़ आदि क्षेत्रों में 3 दिसंबर को प्रात: 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
