
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। हिमाचल पथ परिवहन निगम के केलांग डिपो में बस समय पर न चलने से लोग परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि खराब बसों की वजह से सवारियों को हर रोज दो-चार होना पड़ रहा है। सर्द मौसम के इन दिनों में कई घंटों तक सवारियों को बस स्टैंड या अन्य बस स्टापेज पर इंतजार करना पड़ रहा है। रविवार को भी उदयपुर और कोकसर की सवारियों के साथ कुछ ऐसा ही वाकया पेश आया। क्षेत्रवासियों ने राज्य सरकार तथा निगम के क्षेत्रीय प्रबंधन से आग्रह किया है कि बस रूटों पर बसें समय पर चलाई जाएं। रूटों पर खराब बसों की जगह नई बसों को भेजा जाए।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम चार बजे बस अड्डा केलांग में केलांग-उदयपुर और केलांग-कोकसर रूट पर चलने वाली बसें लगभग पौने घंटे बाद बस स्टैंड में प्रवेश हुईं। इसके अलावा केलांग-कोकसर बस तो रूट पर ही नहीं गई। सवारियों को उदयपुर रूट पर चलने वाली बस में भेजा गया। बस में भारी भीड़ होने के चलते सवारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सवारियों राकेश, सुरेंद्र, महेंद्र सिंह, चमन लाल और दिनेश का कहना है कि इन दिनों रूटों पर बसें समय पर नहीं चल रही हैं। इससे क्षेत्र की जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन लोगों ने राज्य सरकार और परिवहन निगम से मांग की है कि रूटों पर नई बसों को भेजा जाए। उधर, अड्डा प्रभारी हेम राज ने बताया कि बसों में तकनीकी खराबी आई थी, जिन्हें वर्कशॉप में मरम्मत करने के चलते समय लगा।
