
कुल्लू। जिले में बढ़ रहे अपराध को रोकने के लिए पुलिस अब आम जनता की मदद लेगी। आम जनता से मंत्रणा कर अपराधों को रोकने के लिए पुलिस नई रणनीति बनाएगी। जिला की 204 पंचायतों के लोगों को गांवों में जाकर पुलिस कानून संबंधी जानकारी देगी। हालांकि, पहले ही पुलिस सामुदायिक योजना बनाई गई है लेकिन कुछ ढीले रवैये के कारण योजना सिरे नहीं चढ़ पाई। ऐसे में पुलिस प्रशासन जिले के कोने-कोने में जाकर लोगों को कानून के बारे में जागरूक करेगी। इसके बाद आम जनता से अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सहयोग मांगा जाएगा। यह जानकारी डीएसपी संजय शर्मा ने दी है। कुल्लू जिले में 204 पंचायतें हैं। दिन-प्रतिदिन घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद से लेकर अन्य बड़े अपराधों में लोग परेशान हैं। जिले में सबसे ज्यादा मामले मारपीट के पुलिस में दर्ज किए जा रहे हैं। इन छुटपुट मामलों का पुलिस घर द्वार ही निपटारा कर देगी। आपराधिक मामले रोकने के लिए आम जनता का सहयोग पुलिस प्रशासन के लिए लाभाकारी साबित होगा। डीएसपी ने बताया कि पुलिस जिले के इलाकों में जाकर पुलिस चौकियाें के माध्यम से लोगों को कानून के टिप्स देगी। इसमें लोगों को अलग-अलग मामलों में लगने वाली धाराओं से भी अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस सामुदायिक योजना अपराधों को कम करने के लिए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन का बेहतरीन जरिया है। इसमें छोटे-मोटे मामले घर द्वार ही निपटाए जा सकते हैं। इन दिनों जिला कुल्लू की न्यूली चौकी ने इस अभियान को गति प्रदान की है। पुलिस स्कूलों और गांवों में जाकर लोगों को कानूनी जानकारी दे रही है।
