
रामपुर बुशहर। ऑल हिमाचल पीडब्ल्यूडी, आईपीएच वर्कर यूनियन की बैठक रविवार को रामपुर में हुई। बैठक में कर्मचारी और मजदूरों ने एरियर के भुगतान में देरी पर कड़ा रोष जताया। बैठक में निर्णय लिया गया कि अगर एरियर जल्द न दिया गया तो संबंधित विभागों के कार्यालय के बाहर धरने दिए जाएंगे।
इंटक के प्रदेश कानूनी सलाहकार अश्वनी गुप्ता ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि एरियर के भुगतान की मांग लंबे समय से की जा रही है, मगर मांग पूरी नहीं हो पाई है। इससे कर्मचारियों और मजदूरों में रोष है और वे अपने हक की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। बैठक में 4-9-14 का स्केल अभी तक लागू न किए जाने पर विभागों के प्रति रोष जताया गया। स्केल लागू न करने पर विभागों की शिकायत सीएम से करने का निर्णय लिया। बैठक में लोक निर्माण विभाग, आईपीएच पर मेडिकल, टीए बिलों का समय पर भुगतान न किए जाने का भी आरोप लगाया गया। बैठक में कार्य निरीक्षकों के पदों को दसवीं उर्तीण किए वर्करों से भरने, कार्य निरीक्षकों को जेई का कोर्स करवाने और कोर्स कर चुके कार्य निरीक्षकों को जेई पद पर तैनाती देने की मांग सरकार से की गई। इसके अलावा वन विभाग में रिक्त वन रक्षकों के पद चौकीदार, फील्ड वर्करों से भरने और बागवानी, कृषि विभागों में कर्मचारियों को पदोन्नत करने की भी मांग की गई। बैठक में रामपुर इंटक अध्यक्ष कुशाल शर्मा, विशाल मणि, पवन मेहता, आनंद ठाकुर, प्रताप सिंह, लायक राम, मस्तराम, अमृता देवी समेत कई कर्मचारी, मजदूर मौजूद रहे।
