जमीनी विवाद में हुआ गोली कांड

रोहड़ू। जौंली गांव में शनिवार शाम हुए गोलीकांड का मुख्य कारण जमीनी विवाद रहा है। बंदूक की गोली से घायल दो युवकों को आईजीएमसी रेफर कर दिया गया है। वहीं, गोली चलाने के आरोप में बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि जौंली गांव में एक साल पहले शुरू हुआ विवाद शनिवार शाम खूनी खेल में बदला है।
समरकोट क्षेत्र की भलूण पंचायत के जौंली गांव में ग्रामीणों के साथ केवल राम के परिवार की एक साल से टक्कर चल रही थी। गांव के लोग सड़क के लिए भूमि मांग रहे थे। सड़क के लिए मांगी जा रही भूमि सरकारी है, लेकिन केवल राम के कब्जे में बताई जा रही है। कुछ दिन पहले अज्ञात लोगों ने उस भूमि से सेब के बगीचे को काट दिया था। शनिवार को केवल राम नेगी और उसके बेटे कुलदीप नेगी की बगीचे से लौटते समय कुछ लोगों के साथ झड़प हो गई। दोनों गुटों के बीच मारपीट के दौरान चोटें आई। इस पर कुलदीप नेगी ने लाइसेंसी बंदूक से दो गोलियां दाग दी। गोली लगने से अशोक और भूपेंद्र घायल हुए हैं। दोनों युवक जौंली गांव के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने केवल राम नेगी उसके बेटे के खिलाफ मोहन सिंह, भूपेश नेगी और कुंदन की शिकायत पर भादंसं 107,109 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, केवल राम नेगी ने भी शिकायत में पुलिस को अपने ऊपर हमला करने की शिकायत की है। पुलिस ने केवल राम की शिकायत पर जौंली गांव के करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। डीएसपी राज कुमार चंदेल ने बताया कि लंबे समय से इनका आपस में जमीनी विवाद चल रहा था। कई बार समझाने की कोशिश हुई। शनिवार को घटना के बाद दोनों की ओर से मामला दर्ज करवाया गया है। उन्होंने कहा कि केवल राम नेगी और कुलदीप नेगी को पुलिस ने रात को ही गिरफ्तार कर लिया है।

Related posts