
बंगाणा (ऊना)। हमीरपुर की डोडवीं निवासी बीटेक फाइनल की छात्रा पूनम की मौत का रहस्य से अभी तक परदा नहीं उठ सका है। चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस छात्रा के मौत के कारणों का पता नहीं लगा पाई है। मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र ठाकुर रविवार को भलेत गांव पहुंचे। इस दौरान उनके साथ बंगाणा थाना के एसएचओ रामदास कौशल भी थे। एएसपी की मानें तो सोमवार तक पूनम की मौत के रहस्य पर से परदा उठने की उम्मीद जताई जा रही है।
एएसपी ने उस रास्ते का भी मुआयना किया, जिस रास्ते से छात्रा भलेत गांव में पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने भलेत गांव के लोगों से भी पूछताछ की। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि जिन कपड़ाें पर युवती ने मौत से पहले उलटियां की थीं। उन कपड़ों को लैब में भेज दिया गया है। एएसपी ने बताया कि युवती के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल एवं मौत से पहले उसके मोबाइल पर आए और भेजे गए एसएमएस की बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने बताया कि मौत के हर पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
