चुनाव टालने का बहाना खोज रही सरकार : त्रिवेंद्र

चंपावत/पिथौरागढ़। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार की मंशा पंचायती चुनाव टालने की है। वहीं उन्होंने पिथौरागढ़ में कहा कि 15 दिसंबर को दून में होने वाली नरेंद्र मोदी की रैली ऐतिहासिक साबित होगी।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच कम होती विश्व के चलते चुनाव टलवाने की जुगत में है। उन्होंने 29 मार्च से पूर्व चुनाव प्रक्रिया कराने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष पद से यशपाल आर्या के इस्तीफे को कांग्रेस के अंतर्कलह का नतीजा बताते हुए इसे पार्टी के पतन का आगाज बताया। इस मौके पर मौजूद भाजपा के प्रदेश महामंत्री प्रकाश पंत ने प्रदेश सरकार पर जन अपेक्षाओं पर नाकाम रहने का आरोप लगाया। कहा कि 2014 में होने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा शानदार जीत दर्ज करेगी।
इससे पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली की अध्यक्षता में हुई बैठक में 15 दिसंबर को देहरादून में होने वाली नरेंद्र मोदी की रैली को कामयाब बनाने के लिए जिम्मेदारी दी गई। जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली, महामंत्री गोविंद सामंत, मनोज साह, पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुकेश महराना, नवीन तड़ागी, गोविंद फुलारा, महेश पुनेठा, प्रकाशनाथ आदि मौजूद थे।
पिथौरागढ़ के पर्यटन आवासगृह में पत्रकारों से मुखातिब रावत ने कहा कि अटल विहारी वाजपेयी के बाद सबसे बड़ी रैली साबित होगी। रैली कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेंगी। रावत ने कहा रैली में जिला, तहसील और बूथ स्तर से ढाई से तीन लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

Related posts