
हमीरपुर। जिले के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा योजना के तहत दस हजार से अधिक पात्र परिवारों का चयन पहली दिसंबर यानि रविवार को किया जाएगा। रविवार को होने वाली विशेष ग्राम सभा की बैठकों में पात्र परिवारों का चयन किया जाएगा। जिला हमीरपुर में वर्तमान में करीब 1 लाख 26 हजार राशन कार्डधारक परिवार हैं। इनमें से प्रदेश सरकार की राजीव गांधी अन्न योजना के तहत पात्र परिवारों को सस्ता राशन उपलब्ध करवाया जाना है। परिवारों के चयन के लिए सरकार ने दो प्रक्रियाएं निर्धारित की हैं। पहली प्रक्रिया के तहत बीपीएल, अन्नपूर्णा अन्न योजना और अंत्योदय योजना में शामिल परिवार हैं। दूसरी प्रक्रिया फ्रैश सिलेक्शन के तहत सरकार की ओर से निर्धारित शर्तों के आधार पर पात्र परिवारों का चयन ग्राम सभा की विशेष बैठकों में होगा।
जिला में खाद्य सुरक्षा योजना के तहत कुल 47162 परिवारों को शामिल किया जाना है। इसमें शहरी क्षेत्रों के लिए पात्र परिवारों की संख्या 1947 तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45215 निर्धारित की गई है। ऑटोमेटिक प्रक्रिया के तहत 35 हजार परिवार योजना में शामिल हो चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शेष परिवारों का चयन ग्राम सभा की बैठकों में रविवार को किया जाएगा। बशर्ते ग्राम सभा की बैठकों में कोरम पूरा हो और बैठकों की प्रक्रिया पूरी हो सके।
पात्र परिवारों के चयन के पश्चात राशन उपलब्ध करवा दिया जाएगा। पात्र परिवारों का चयन सरकार के निर्देशानुसार ग्राम सभा की बैठकों में किया जाना है।
-यादवेंद्र पाल, जिला खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक
कौन होंगे बाहर
प्रदेश तथा केंद्र में सरकारी विभागों में कार्यरत नियमित, अनुबंध कर्मचारी, विभिन्न बोर्ड और निगम, बैंक, सार्वजनिक उपक्रम में कार्यरत कर्मचारी, आयकर अदा करने वाले व्यापारी और ठेकेदार योजना से बाहर हो जाएंगे।
कौन होंगे शामिल
एकल नारी, भवन निर्माण में लगे पंजीकृत कामगार, मनरेगा के तहत कम से कम तीस दिन का रोजगार करने वाले परिवार, विधवा महिला मुखिया वाला परिवार, गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति का परिवार, 60 से अधिक आयु के बुजुर्ग का परिवार, जिनके पास आय का पर्याप्त साधन नहीं है, 40 प्रतिशत से अधिक अपंगता वाले व्यक्ति का परिवार।
