
जोगिंद्रनगर (मंडी)। पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ने क्षेत्र के मकरीड़ी में सात पंचायतों के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए चुनावी टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के सभी छोटे और बड़े गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा है। द्राहल, निचला भडयाड़ा, कुठेहड़ा, पीपली, धार, द्रुब्बल और त्रैंबली आदि अधिकांश गांवों को सड़क सुविधा मिल चुकी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में निर्मित हो रही सड़क मकरीड़ी-खिल-छातरी-गरलोण दो करोड़ की लागत से और देवी का नाला-जोन-जरल सड़क का निर्माण डेढ़ करोड़ से हो रहा है। चड़ौझ, द्रुब्बल, बनवार, भरमेरा और बढू सड़कें ढाई करोड़ की लागत से बनाकर लोगों को समर्पित की है।
उन्होंने कहा कि जोगिंद्रनगर विस क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग ने डिपॉजिट कार्य के तहत साढ़े बारह करोड़ से अधिक लागत से स्कूल भवन, स्वास्थ्य भवन और पशु औषधालय का निर्माण करवाकर लोगों को समर्पित किए। इसमें मकरीड़ी और लांगणा का रेस्ट हाउस, 47 लाख से मकरीड़ी में पशु चिकित्सालय भवन, 68 लाख से बना लांगणा में साइंस ब्लॉक, 46 लाख से निर्मित आली-पाबो स्कूल का भवन, 65 लाख से बना द्रुब्बल स्कूल का भवन, 18 लाख से निर्मित त्रैंबली हेल्थ सब सेंटर का भवन, 14 लाख से मकरीड़ी स्कूल का परीक्षा भवन और 65 लाख की लागत से बन रहे कुठेहड़ा स्कूल का भवन निर्माणाधीन हैं। कहा कि कांग्रेस सरकार के 11 माह के कार्यकाल में जोगिंद्रनगर विस में विकास कार्य ठप होकर रह गए हैं।
