
नई दिल्ली: सहकर्मी के यौन उत्पीड़ऩ के आरोपों को लेकर विवादों में घिरे, तहलका पत्रिका के संपादक आज दोपहर को विमान से गोवा जाएंगे। गोवा में उनसे पूछताछ की जाएगी और शायद उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है। तेजपाल पणजी के लिए अपराह्न 2 बज कर 30 मिनट पर उड़ान भरने वाली फ्लाइट पकडऩे की खातिर अपनी पत्नी गीतम बत्रा, एक बेटी और भाई के साथहवाईअड्डा पहुंचे। तेजपाल ने संवाददाताओं के सवालों की झड़ी के संक्षिप्त जवाब में कहा ‘‘मुझे सम्मन मिले हैं। इसलिए मैं गोवा जा रहा हूं ।’’
चेक इन के लिए पत्नी के साथ रवानगी कक्ष में जाने से पहले, तनावग्रस्त तेजपाल ने कुछ पलों के लिए अपनी बेटी को गले लगाए रखा। इससे पहले दिन में उन्हें उस समय संक्षिप्त राहत मिली जब पणजी की सत्र अदालत ने अपराह्न 2 बज कर 30 मिनट तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी।
इस समय अदालत तेजपाल के वकीलों द्वारा पेश किए गए उनके जमानत संबंधी आवेदन पर अपनी अंतिम व्यवस्था दे सकती है। आज सुबह गोवा पुलिस का एक दल तेजपाल को गिरफ्तार करने के लिए दक्षिण दिल्ली के जंगपुरा इलाके में स्थित उनके आवास पहुंचा लेकिन उसे खाली हाथ लौटना पड़ा क्योंकि तेजपाल वहां नहीं मिले।
