युवक पर रीछ ने किया जानलेवा हमला

चंबा। बाथरी क्षेत्र के एक युवक को रीछ ने हमला कर घायल कर दिया। घायल युवक जिला अस्पताल में उपचाराधीन है। उसकी बाजू और शरीर में काफी घाव हुए हैं। राजीव कुमार (20) पुत्र मदन लाल गांव कथला डाकघर बाथरी तहसील डलहौजी घर जा रहा था कि गांव के साथ लगते जंगल में एक रीछ ने उस पर जानलेवा हमला बोल दिया। इससे उसने बड़ी मुश्किल से रीछ के चंगुल से अपनी जान बचाई। राजीव कुमार पर रीछ की हमले की खबर से स्थानीय लोग वहां एकत्रित हो गए। इसके बाद राजीव कुमार को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। रीछ के हमले की वारदात से क्षेत्र के लोग पूरी तरह सहम गए हैं। ग्रामीण शाम के वक्त घरों से बाहर निकलने से गुरेज कर रहे हैं। लोग स्कूली बच्चों को भी अकेले स्कूल भेजने से कतरा रहे हैं। बहरहाल राजीव कुमार का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि घायल युवक को प्राथमिक उपचार देने के बाद भर्ती कर लिया गया है। युवक की हालत में सुधार है।

Related posts