
टाहलीवाल (ऊना)। क्षेत्र के बट्ट कलां में एक साथ चार पशुशालाएं आग की भेंट चढ़ गईं। घटना में पशुशाला में रखा मवेशियों का चारा भी राख हो गया। आगजनी में लगभग 60 हजार के करीब का नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बट्ट कलां में वीरवार दोपहर 12 बजे के करीब एक खड़पोश पशुशाला में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची ऊंची लपटें देख मौके पर कई ग्रामीण एकत्रित हो गए। आग इतनी भीषण थी कि तेज हवाओं के चलते आग की लपटों ने साथ लगती अन्य तीन पशुशालाओं को भी अपनी चपेट में लिया। भीषण आग पर काबू पाने के लिए ग्रामीणों ने काफी प्रयास किए, लेकिन असमर्थ रहे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक पशुशालाएं राख के ढेर में तबदील हो चुकी थीं। ग्राम पंचायत के उपप्रधान संजीव कुमार ने बताया कि दोपहर लगभग 12 बजे मदन लाल पुत्र मलूक चंद की पशुशाला में अचानक आग लग गई। इससे उसमें रखा सामान एवं पशुचारा भी आग की भेंट चढ़ गया। उन्होंने बताया कि साथ लगती सुरेश कुमार, मोहन लाल, प्रीतम सिंह की भी पशुशालाएं भी आग की चपेट में आ गईं। उधर, हरोली पुलिस थाना से एसएचओ महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है।
