हिमरी पंचायत से महिला का अपहरण

कोटखाई (शिमला)। कोटखाई तहसील की हिमरी पंचायत के कुफ्टा गांव से मंगलवार शाम एक महिला (56) रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता है। महिला के पति का करीब तीन साल पहले देहांत हो चुका है और इसके दो बेटे हैं। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है लेकिन अपहरण का मकसद साफ नहीं हो पाया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि लापता महिला की तलाश की जा रही है।
कुफ्टा गांव के सूत्रों के अनुसार मंगलवार को महिला घर पर अकेली थी। बेटे घर से बाहर थे। रात में महिला के फोन से उसके बेटे को अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर अपहरण की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना देने या मामला सार्वजनिक करने पर बेटे को देख लेने की धमकी भी दी गई है। घटना की सूचना पुलिस थाना कोटखाई को दे दी गई है। गांव के लोग भी मामला सार्वजनिक करने के कतरा रहे हैं। कोटखाई पुलिस महिला के लापता होने के मामले में कोई खुलासा करने को तैयार नहीं है।
पुख्ता सूत्रों के अनुसार पुलिस ने महिला की तलाशी के लिए अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस जांच कर रही कि महिला को क्यों और किसने अपहरण किया है? हालांकि, आर्थिक तौर पर भी महिला अधिक संपन्न नहीं बताई जा रही है। उसका घर भी सड़क से काफी दूर है। कोटखाई थाने से पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच जांच शुरू कर दी है।

Related posts