व्यासर में डेढ़ मंजिला मकान राख

पतलीकूहल/कुल्लू। जिले के अति दुर्गम गांव व्यासर के काष्ठकुणी शैली में निर्मित मकान में बीती रात को अचानक चिंगारी सुलग उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। मकान से धुआं उठता देख समूचे व्यासर गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग स्प्रे पंपों और बाल्टियों से आग बुझाने में जुट गए, लेकिन मकान से निकल रही गगनचुंबी लपटों को नियंत्रित करने के लिए उनके ये प्रयास नाकाफी साबित हुए। इस बीच कुल्लू फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। लिहाजा विभाग के फायर फाइटर वाटर टेंडर लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन जिला मुख्यालय से घटनास्थल का 39 किलोमीटर दूर होने के चलते फायर ब्रिगेड के वाहन को पहुंचने में काफी समय लग गया। इतने में सब कुछ राख हो चुका था।
आगजनी में मकान जलने से पीड़ित परिवार कड़ाके की सर्दी में खुले आसमान के नीचे आ गया है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि आगजनी में चार तोला सोना, दस तोला चांदी और कुछ नकदी आग में स्वाह हो गई है। एसडीएम सुरेश जसवाल ने बताया कि पीड़ित परिवार को तय नियमावली के अनुसार ही राहत राशि दी जाएगी। रेवेन्यू महकमेे केलोगों द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मनाली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़, विधायक गोविंद ठाकुर और मनाली विकास मंच के अध्यक्ष धर्मवीर धामी ने पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट की है। उधर, निरमंड के अस्सू निवासी गोविंद प्रसाद की दुकान में सोमवार देर रात शॉट सर्किट से लगी आग में लाखों का सामान जलकर राख हो गया है।

Related posts