कुल्लू-मनाली शहर को सैंतीस करोड़ से मिलेगा पानी

काईस (कुल्लू)। कुल्लू और मनाली शहर के हजारों लोगों को अब पेयजल संकट से नहीं जूझना पडे़गा। आईपीएच विभाग ने इस पेयजल योजना को अमलीजामा पहनाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। लगघाटी के कालंग से कुल्लू शहर तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी। 22 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस पेयजल योजना को शहरी विकास विभाग भारत सरकार ने स्वीकृति प्रदान की है। वहीं मनाली शहर के हजारों लोगों को भी पंद्रह करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। मनालसू नाले से मनाली शहर तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इस योजना के तैयार होने से मनाली शहर के सात वार्डों वाले करीब सोलह हजार तथा कुल्लू शहर के ग्यारह वार्डों वाले 22 हजार की आबादी के लोग लाभान्वित होंगे। आईपीएच विभाग मनाली के सहायक अभियंता योगेश कपूर ने कहा कि लोगों को चौबीस घटे भरपूर पानी मिले, इसके लिए विभाग पूरा प्रयास कर रहा है। योजना के सिरे चढ़ने के बाद शहर के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने के आसार हैं। आईपीएच कुल्लू के सहायक अभियंता विवेक हाजरी ने बताया कि कुल्लू शहर के हजारों लोगों को हर समय पानी मिलेगा। उन्होंनेे कहा कि इस पेयजल योजना की स्वीकृति शहरी विकास विभाग भारत सरकार से मिल चुकी है। जल्द ही इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारा जाएगा। योजना के बन जाने से प्रत्येक उपभोक्ताओं को 135 लीटर प्रतिदिन पानी की सप्लाई का विभाग ने लक्ष्य रखा है। इससे शहर के हजारों लोगों को पानी की कमी नहीं रहेगी।

Related posts