
चिंतपूर्णी (ऊना)। चिंतपूर्णी में इन दिनों जाम के चलते वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में लड़ाई झगड़े हो रहे हैं। धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में मोगा धर्मशाला के समीप मंगलवार को जालंधर के युवकों और स्थानीय दुकानदारों में झड़प हो गई। इस दौरान दोनों गुटों में जमकर लात-घूंसे चले। दोनों पक्षों में कइयों को चोटें भी आईं। झगड़े के दौरान जाम भी लग गया। मंगलवार को शाम के समय ट्रैफिक जाम के बीच दो अन्य पक्षों में भी जमकर बहस बाजी हुई। इसके चलते कई लोग घटों जाम में फंसे रहे। मंदिर के दोनों ओर जिला प्रशासन की ओर से ट्रैफिक व्यवस्था के लिए स्थापित किए गए बैरियर सफेद हाथी साबित हो रहे हैं। गत रोज टैक्सी चालकों को हिदायत दी गई कि पुराना बस अड्डा तक सवारियों को उतार दें लेकिन पुलिस की हिदायत की परवाह नहीं की गई। जाम की सूचना पर थाने से पुलिस की एक टीम आई और ट्रैफिक व्यवस्था को बहाल कर दिया गया। आपस में लड़ रहे दुकानदारों और श्रद्धालुओं को अलग कर पुलिस ने रास्ता खुलवाया। भरर्वाईं थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था में कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जाम लगाने वाले वाहन चालकों का चालान काटने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि कुछ लोग गाड़ी को आगे निकालने के चक्कर मेें आपस में उलझे थे जिससे कुछ देर जाम लगा। हालांकि, जाम को कुछ देर में ही खुलवाया गया।
