
बागेश्वर। जिला योजना, राज्य सेक्टर और केंद्र पोषित योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी बीएस मनराल ने अवमुक्त धन का समय पर उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का ध्यान रखा जाना चाहिए।
विकास भवन सभागार में बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित और वाह्य सहायतित योजनाओं के साथ ही बीस सूत्रीय कार्यक्रम में आई राशि का समय पर उपयोग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी कार्यों की गुणवत्ता का भी ध्यान रखें। उन्होंने बैजनाथ में झील निर्माण का काम शीघ्र पूरा करने के निर्देश सिंचाई विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि कुछ विभागों के काम धीमी गति से चल रहे हैं। अधिकारियों को दिसंबर तक काम करा देने चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर काम पूरे होने पर फिर से धन अवमुक्त कराया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि मंडलायुक्त 10 दिसंबर को समीक्षा बैठक करेंगे। तब तक सभी विभागों को तैयारियां पूरी कर लेनी होंगी। उन्होंने पांच दिसंबर तक प्रगति रिपोर्ट अर्थ सांख्यिकी कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला विकास अधिकारी रोशन लाल ने व्यय के आंकड़े पेश किए। बैठक में सीडीओ रोशन लाल भी उपस्थित थे।
