चुनावों की तैयारी में जुटें भाजपा कार्यकर्ता

टनकपुर। एससी-एसटी आयोग के पूर्व अध्यक्ष भाजपा नेता चनर राम ने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी की जबरदस्त लहर है और जनता मोदी को अगला प्रधानमंत्री देखना चाह रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ पंचायती और लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा।
लोनिवि विश्राम गृह में पार्टी के मंडल अध्यक्ष शिवराज चंद की अध्यक्षता और महामंत्री कमल पंत के संचालन में हुई बैठक में भाजपा नेता चनर राम ने कहा कि पार्टी ने उन्हें अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया तो वे कार्यकर्ताओं के सहयोग से मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति का अर्थ निष्ठापूर्वक जनता की सेवा कर देश को तरक्की के लिए कार्य करना है। कांग्रेस की भ्रष्ट नीतियों से जनता त्रस्त है और उसे भाजपा और मोदी से काफी उम्मीद है। बैठक में जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली, जिला महामंत्री दीपक पाठक, विनोद वर्मा, नारायण सिंह महर, जसौद सिंह, अशोक पाल, जोध सिंह बोहरा, नरेश सकारी मुकेश कलखुड़िया आदि मौजूद थे।

Related posts