
धर्मशाला। अंडर-19 नॉर्थ जोन महिला क्रिकेट टीम की कमान हिमाचली प्लेयर के हाथों में रहेगी। चयन समिति ने नॉर्थ जोन टीम का चयन कर लिया है। हिमाचल की सुष्मिता नेगी को टीम का कैप्टन बनाया गया है। टीम में पांच महिला खिलाड़ियों को स्थान मिला है। सुष्मिता नेगी कप्तान, कशिश वर्मा, नेहा चौहान, तनुजा कंवर, हरलीन कौर को टीम में शामिल किया गया है।
दिल्ली की प्रिया पूनिया, लक्ष्मी यादव, वैशाली माथुर, पंजाब की नीलम बिष्ट तथा तान्या भाटिया, हरियाणा की उर्वशी सैणी, मेघना माथुर, भावना तथा जम्मू-कश्मीर की रूबिया सईद तथा सपना जंवाल को टीम में स्थान मिला है। एचपीसीए प्रेस सचिव मोहित सूद ने बताया कि टीम में पहली बार हिमाचल की पांच खिलाड़ियों को स्थान मिला है। टीम की कमान भी हिमाचली प्लेयर के हाथों में रहेगी। एचपीसीए अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने खिलाड़ियों तथा टीम के कोच और प्रबंधन को बधाई दी है। चयनित नॉर्थ जोन टीम गुवाहाटी में वन-डे मैचों की श्रृंखला खेलेगी।
