
धर्मशाला। जिले के होटल और ढाबों में परोसी जाने वाली डाइट 40 रुपये में मिलेगी। इसमें सब्जी, चावल व चपाती होगी। विशेष सब्जी, आलू-मटर, सफेद चने, राजमाह, आलू-गोबी, पालक, आलू-बैंगन, भिंडी 30 रुपये प्रति प्लेट मिलेगी। दाल फ्राई प्रति प्लेट 25 रुपये, मटर पनीर और पालक पनीर प्रति प्लेट 35 रुपये, चिकन करी व मुर्गा पका हुआ 45 रुपये प्रति प्लेट, मीट पका तरी सहित 55 रुपये प्रति प्लेट में मिलेगा। तवा चपाती 3 और तंदूरी चपाती 4 रुपये में मिलेगी। परांठा भरा हुआ अचार सहित 15 रुपये में मिलेगा। दो पूरी चने सहित 20 रुपये प्रति प्लेट का रेट तय किया गया है। हलवाई और ग्वालोें द्वारा बेचा जाने वाला दूध 28 रुपये प्रति लीटर, दही 35 रुपये प्रति किलो, दूध/दही सभी ब्रांड पैकेट पर निर्धारित मूल्य के आधार पर, पनीर खुला दूसरे राज्यों से आयातित एवं स्थानीय 200 रुपये प्रति किलो में मिलेगा।
होटलों, ढाबों और रेस्तरां आदि में बिकने वाले मीट (भेड़ व बकरा) 270 रुपये प्रति किलो, मुर्गा जीवित 105 रुपये प्रति किलो, मुर्गा ब्रायलर ड्रेस्ड 170 रुपये प्रति किलो, मीट सुअर 130 रुपये प्रति किलो मिलेगा। मछली ग्रेड एक और दो की दरें मत्स्य विभाग द्वारा निर्धारित मूल्य तथा परचून बिक्री पर 10 प्रतिशत लाभांश के साथ निर्धारित की गई हैं।
ये दरें पर्यटन विभाग व उनके पास पंजीकृत होटलों व रेस्तरां में लागू नहीं हाेंगी। जिले में सभी परचून दुकानदारों, होटल/ढाबों के मालिक एवं मछली विक्रेता अपने-अपने व्यापारिक परिसरों में दुकानों के बाहर ग्राहकों की जानकारी के लिए मूल्य सूची प्रदर्श्त करेंगे तथा ग्राहक के मांगने पर कैश मेमो देना अनिवार्य होगा। जिला दंडाधिकारी सी पालरासु ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी उन्मूलन आदेश 1977 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला में आवश्यक खाद्य पदार्थों के करों सहित परचून विक्रय दरें निर्धारित की गई हैं।
25 से विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित
धर्मशाला। सहायक अभियंता द्वितीय विद्युत उपमंडल धर्मशाला जफर इकबाल ने बताया कि दाड़ी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति लाईनों को बदलने के कार्य की वजह से इस क्षेत्र में 25 से 27 नवंबर तक प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने दाड़ी क्षेत्र के लोगों को 25 से 27 नवंबर तक विद्युत आपूर्ति की असुविधा के लिए सहयोग की अपील की है।
