
कुल्लू। जिला परिषद कुल्लू की त्रैमासिक बैठक सोमवार को परिषद हॉल में हरि चंद शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान जिप सदस्यों की ओर से उठाए गए विभिन्न मुद्दों के अलावा कई अन्य अहम मसलों पर भी चर्चा की गई। बैठक में आय-व्यय से संबंधित प्रस्ताव भी पारित किए गए।
इस अवसर पर गांव पीज, छमाहण, बड़ोगी, भ्रैण, शांगचण, चतराणी और हाल ही में सड़क से जुडे़ कई अन्य क्षेत्रों के लिए नियमित बस सेवाएं आरंभ करने पर जोर दिया गया। जिप सदस्यों ने कोलीबेहड़-बाराहर, दड़का-भूमतीर, कनौन-तांदी, शलवाड़-कनियाड़, धाउगी-पनिहार, लारजी-औट, हुरला-कोटला, चनौन-कड़ाहिल, रूजग-बड़ी नेरी और जिले में कई अन्य सड़कों के निर्माण में आ रही विभिन्न समस्याओं के बारे में भी लोक निर्माण विभाग से ब्योरा मांगा। कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे, लेफ्ट बैंक की सड़क और भुंतर-बरशैणी मार्ग को दुरुस्त करने के लिए भी परिषद ने उचित कदम उठाने पर बल दिया। मणिकर्ण, सैंज और लगघाटी में विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों की समस्याएं भी प्रमुखता से उठाई गईं। इन क्षेत्रों को लाडा के तहत जारी धनराशि के बारे में भी कई सदस्यों ने सवाल किए। जरड़-बशौणा उठाऊ सिंचाई योजना, कोटला, चकुरठा, थाटीबीड़ पेयजल योजना के निर्माण का मुद्दा भी संबंधित जिप सदस्यों ने जोरशोर से उठाया।
हरि चंद शर्मा ने कहा कि कुल्लू जिला में अग्निकांड की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए कुछ और प्रमुख स्थानों पर अग्निशमन केंद्र खोले जाने की आवश्यकता है। यह मुद्दा प्रदेश सरकार के समक्ष भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिप कुल्लू पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के लिए भी बड़े पैमाने पर एक मुहिम चलाएगी। परिषद ने अपनी वेबसाइट भी लांच की है। इसमें परिषद की सभी गतिविधियां और विकास कार्य अपलोड किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी जिला परिषद को भेजें, जिससे इन्हें वेबसाइट पर अपलोड किया जा सके। बैठक में एसडीएम डा. सुरेश जसवाल, जिला पंचायत अधिकारी गिरीश शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी और जिप सदस्य भी उपस्थित थे।
