
रोहड़ू । रसोई गैस की बुकिंग न मिलने पर उपभोक्ताओं ने एजेंसी के बाहर नारेबाजी की। भड़के लोगोें को शांत करने के लिए खाद्य आपूर्ति निगम को पुलिस बुलानी पड़ी है। करीब एक घंटे चले हंगामे के बाद लोग शांत हुए। रोहड़ू में रसोई गैस की बुकिंग केवल सोमवार को रखी गई है। इस दिन भी एजेंसी में उपलब्ध गैस कोटे के अनुसार बुकिंग ली जाती है। सोमवार को गैस भरवाने की बुकिंग के लिए सुबह से सैकड़ाें लोग लाइन में कई घंटे तक खड़े रहे। बीच में गैस की बुकिंग रोक दी गई है।
लोगों को बताया गया कि एजेंसी में उपलब्ध गैस सिलेंडर के कोटे के अनुसार बुकिंग पुरी हो चुकी है। इस पर लोग भड़क गए। लोगों की भीड़ गैस एजेंसी के दफ्तर में घुस गई। बाहर खड़े लोगों ने नारेबाजी शुरू की। लोगों को शांत करने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। लोजपा नेता गोवर्धन चौहान सहित करीब छह लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर आग्रह किया कि हर दिन गैस की बुकिंग की जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने गैस एजेंसी में तैनात पुराने कर्मचारियों के तबादले की मांग भी की है। भड़के उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया गया कि अब हर दिन गैस की बुकिंग की जाएगी।
खाद्य एवं आपूर्ति निगम के बिक्री पर्यवेक्षक जोगेंद्र सारटा ने बताया कि एजेंसी में उपलब्ध गैस के अनुसार बुकिंग की जाती है। उन्होंने कहा सोमवार को लोग अधिक एवं सिलेंडर कम थे। बुकिंग बंद करने के बाद लोग भड़क गए थे। उन्होंने आज के बाद हर दिन गैस की बुकिंग की जाएगी।
