मेडिकल स्टारों पर प्रशासन तीखी नजर

ऊना। लिंग जांच एवं कन्या भ्रूण हत्या अधिनियम के तहत जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त अभिषेक जैन कहा कि जिले में अधिनियम को सख्ती से लागू किया जाए। कोई व्यक्ति किसी निजी क्लिनक में गैर-कानूनी गतिविधियों एवं प्रतिबंधित दवाईयां बेचते पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर निजी क्लिनिकों का औचक निरीक्षण करें तथा अल्ट्रासाउंड मशीनों की गहन जांच, रिकॉर्ड की पड़ताल तथा मशीन को ओपरेट करने वाले डॉक्टर क ी शैक्षणिक योग्यता बारे आवश्यक छानबीन करें। उन्होंने कहा कि जिला में भ्रूण हत्या जैसी घटनाओं को सहन नहीं किया जाएगा तथा पड़ोसी राज्यों से यदि कोई डॉक्टर यहां आकर गैर-कानूनी धंधा करेगा तो उसके खिलाफ अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी जीआर कौशल ने बताया कि जिले में आठ निजी तथा छह सरकारी क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड मशीनें ऑपरेट की जा रही हैं। जिन पर विभाग द्वारा पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जिला में 25 निरीक्षण किए जा चुके हैं। इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा आरसी टबयाल, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा निर्मल रानी, परियोजना अधिकारी डीआरडीए चेतना खड़वाल, जिला कल्याण अधिकारी शशि बिजलवान, जिला कार्यक्रम अधिकारी ईरा तनवर, डा. महंत, डा. मुकेश, डा. विपिन शर्मा, डा. ओपी रामदियो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Related posts