मध्यप्रदेश चुनाव: आज EVM में बंद होगी नई सरकार की किस्मत, वोटिंग शुरू

मध्यप्रदेश चुनाव: आज EVM में बंद होगी नई सरकार की किस्मत, वोटिंग शुरू

भोपाल: मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए आज सभी 230 सीटों के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। शाम पांच बजे तक ढाई हजार से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों में बंद हो जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले की लांजी, बैहर और परसवाड़ा सीटों पर सुबह सात बजे तथा बाकी 227 सीटों के लिए आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। लांजी, परसवाडा और बैहर सीट पर मतदान अपराह्न तीन बजे खत्म हो जाएगा जबकि बाकी सभी 227 सीटों पर शाम पांच बजे तक मतदान होगा।

शिवराज सिंह ने डाला वोट

राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंदिर में आज सुबह भगवान की पूजा-अर्चना के बाद बुधनी में अपना वोट डाला। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि राज्य में बीजेपी की ही जीत होगी। शिवराज सिंह ने कहा कि एमपी पिछले 10 सालों में बहुत बदला है। राज्य में 53,946 मतदान केंद्रों में 14,950 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं।

बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बलों की व्यवस्था
लगभग ढाई लाख से अधिक सुरक्षा बलों ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए लगभग 54 हजार मतदान केन्द्रों को कल शाम ही अपने अधिकार में ले लिया था और मतदान दल भी मतदान केन्द्रों में पहुंच गए थे। नक्सल प्रभावित बालाघाट और सिंगरौली जिलों में हवाई सुरक्षा के इंतजाम किये गये हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी जयदीप गोविन्द शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के संचालन को लेकर मुख्य सचिव एंटोनी डिसा और पुलिस महानिदेशक नंदन दुबे के साथ सतत संपर्क में हैं।

Related posts