हाईवे के गड्ढे भरे तो अनशन तोड़ा

गदरपुर। हाईवे के गड्ढों को भरने और सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद पालिकाध्यक्ष के पति ने अनशन समाप्त कर दिया है। तहसीलदार ने जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया।
हाईवे पर बने गड्ढों को भरने की मांग को लेकर पालिकाध्यक्ष के पति राकेश भुड्डी गुरुवार से भूख हड़ताल पर थे। रविवार को गड्ढों को भरने के बाद दिनेशपुर तिराहे से सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। रविवार देर सायं प्रशासनिक प्रतिनिधि के रूप में अनशन स्थल पर पहुंचे तहसीलदार गौरव चटवाल ने बताया कि संबंधित विभाग द्वारा गड्ढों को पाटने के बाद सड़क का निर्माण शुरू कर दिया है। चटवाल के आश्वासन पर भुड्डी ने अनशन समाप्त कर दिया। इससे पूर्व अनशन स्थल पर पहुंचे खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी, नानकमत्ता विधायक डा. प्रेम सिंह राणा, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष सौरभ थपलियाल, पूर्व सांसद बलराज पासी, राजेश कुमार, विकास शर्मा, आदेश ठाकुर आदि ने भुड्डी के आंदोलन को समर्थन दिया। व्यापारी नेता राजकुमार भुड्डी, भाजपा नेता हरिचन्द बेहड़, सतीश बत्रा, गुंजन सुखीजा ने भी सभा को संबोधित किया। इस दौरान चेयरपर्सन अंजू भुड्डी, आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष विजय भुड्डी, विहिप नेता डा. आरके महाजन, मोहन लाल बजाज, हरवंश लाल अरोरा, सन्नी बजाज, राकेश गुम्बर, पवन कुमार बंटी, गोपाल सागर आदि थे।

Related posts